भारतीय रेल ने सामान्य यात्री ट्रेनों में 30 जून तक की यात्रा के लिए बुक सभी टिकटों को रद्द कर दिया है, इसमें मेल/एक्सप्रेस तथा सभी प्रकार के ट्रेने शामिल हैं। सभी यात्रियों को पूरा किराया रिफंड दिया जाएगा। रेलवे ने गुरुवार को बयान में यह जानकारी दी। हालांकि, रेलवे ने कहा कि इस दौरान, प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने के लिए चलाई जा रहीं ‘श्रमिक’ ट्रेनें और नई दिल्ली तथा प्रमुख स्टेशनों के बीच चल रही 15 जोड़ी विशेष ट्रेनों का परिचालन जारी रहेगा।
रेलवे बोर्ड ने बुधवार को न केवल अपनी वर्तमान विशेष ट्रेनों, बल्कि आगामी सभी ट्रेनों में यात्रा के लिए 22 मई से वेटिंग लिस्ट का प्रावधान शुरू करने संबंधी आदेश जारी किया । वर्तमान विशेष ट्रेनों में केवल कंफर्म टिकट बुक किये जा रहे हैं। वहीं 22 मई से शुरू हो रही यात्राओं के लिए 15 मई से टिकटों की बुकिंग में वेटिंग लिस्ट में टिकट बुक कराने का प्रावधान होगा।
अब 1 AC में 20, एग्जीक्यूटिव क्लास में 20, 2AC में 50, 3AC में 100, AC चेयर कार में 100 और स्लिपर में 200 तक अधिकतम वेटिंग टिकट काटे जाएंगे ।
रेलवे के शीर्ष अधिकारियों ने ‘पीटीआई’ को बताया कि 22 मार्च से 14 अप्रैल के बीच यात्रा के लिए बुक कराई गई 55 लाख टिकटों के लिए 830 करोड़ रुपये की राशि वापस की जाएगी ।






