प्रशिक्षु डीएसपी नूरुल हक बनाए गए मुरलीगंज थानाध्यक्ष, बीपीएससी में हासिल है 15वां रैंक

रिप्पू वर्मा मुरलीगंज(मधेपुरा): मुरलीगंज थाना के थानाध्यक्ष अजीत कुमार के निलंबन के बाद शुक्रवार देर शाम प्रशिक्षु डीएसपी नूरुल हक ने थानाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई को अपनी प्राथमिकता बताया। पदभार ग्रहण करते हुए उन्होंने कहा कि वे कहने से ज्यादा काम कर के दिखाने में विश्वास रखते हैं। उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में अपराधियों पर नकेल कसना, ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करना और आम लोगों को सुरक्षित माहौल देना है। उन्होंने कहा कि थाना और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। स्थानीय लोगों में भी नए थानाध्यक्ष को लेकर सकारात्मक उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि नूरुल हक जैसे मेहनती और प्रतिभाशाली अधिकारी के नेतृत्व में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और बेहतर होगी।

बीपीएससी में लाया था 15वाँ रैंक:

नए थानाध्यक्ष नूरुल हक कोई सामान्य अधिकारी नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और लगन से मुकाम हासिल करने वाले अधिकारी हैं। वे अपने बैच के बेस्ट प्रोबेशनर रहे हैं। पूर्वी चंपारण जिला निवासी नूरुल हक ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 68वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 15वीं रैंक हासिल कर डीएसपी पद प्राप्त कर लिस्ट में दूसरे नंबर पर जगह बनाई थी। उन्होंने सेल्फ स्टडी के दम पर यह सफलता पाई है। इससे पहले 67वीं बीपीएससी परीक्षा में भी उन्होंने 399वीं रैंक हासिल कर राजस्व पदाधिकारी के लिए चयनित हुए थे। नूरुल हक ने बताया कि वे पहले साधारण सी नौकरी कर रहे थे, लेकिन समाज के लिए कुछ बेहतर करने की सोच के साथ वर्ष 2021 में नौकरी छोड़कर पूरी तरह बीपीएससी की तैयारी में जुट गए। पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा और कड़ी मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *