रिप्पू वर्मा, मुरलीगंज। शहर के काशीपुर स्थित बीआर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल परिसर में बुधवार को मेगा मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर लायंस क्लब उड़ान मुरलीगंज एवं बीआर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कैंप में योग्य चिकित्सकों की टीम द्वारा करीब 400 स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। मेगा हेल्थ कैंप में आंख रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ एवं जनरल फिजिशियन द्वारा बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही बच्चों का ब्लड ग्रुप टेस्ट भी किया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह भी दी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन मधेपुरा से आए डॉ. आरके पप्पू, डॉ. एस.एन. यादव, डॉ. संजय कुमार, डॉ. हिमांशु कुमार, डॉ. गोपाल कुमार, सिंहेश्वर से डॉ. एस.के. सुधाकर, मुरलीगंज से डॉ. रुपेश कुमार, डॉ. साकेत कुमार, डॉ. श्याम कुमार, विद्यालय के निदेशक डॉ. मानव सिंह एवं प्राचार्य डॉ. मौसम कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. मानव सिंह ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना ही उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और समय रहते उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान हो जाती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय आगे भी इस तरह के सामाजिक और जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। मेगा हेल्थ कैंप के दौरान विद्यालय परिसर में लायंस क्लब उड़ान मुरलीगंज के सदस्य भी सक्रिय रूप से सहयोग करते नजर आए। इस अवसर पर लायंस क्लब उड़ान के सदस्य डॉ. प्रमोद वर्मा, संजय सुमन, दीपक कुमार, चंचल कुमार, राहुल अग्रवाल, राहुल कुमार, दिलीप कुमार, राकेश वर्मा, अजय कुमार, कुमार गौरव, राकेश कुमार सिंह, विनोद कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







