कई वर्षों से निर्माण का इंतजार कर रहे NH 107 का हाल गांव की गलियों से भी बदहाल हो गया है। मधेपुरा-सहरसा-पूर्णिया को जोड़ने वाले इस रोड पर मुरलीगंज के मीरगंज से आगे पैदल निकलना भी दूभर है। हाइवे पर लंबे चौड़े गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुपहिया वाहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश से पहले गड्ढों को मोटरेबल नहीं करने के कारण मीरगंज से मधेपुरा की महज 20 किलोमीटर की यात्रा किसी यातना से कम नहीं है।
देखें वीडियो :–
गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। बरसात के बाद हालात और बिगड़ गए। रोजाना यहां से गुजरने वाले वाहन चालक तो सड़क के मिजाज से वाकिफ हैं लेकिन अनजान के लिए इस नेशनल हाईवे का सफर जोखिम से कम नहीं। यह शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। इससे रोजाना सहरसा और पूर्णिया से आने-जाने वाले हजारों वाहन गुजरते हैं। बावजूद इसके सड़क की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जाता है।
बता दें कि पिछले वर्ष मधेपुरा आगमन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने NH 106 और NH 107 की स्थिति की समीक्षा की थी। इस दौरान कहा गया था कि अक्टूबर 2020 तक सड़क निर्माण पूरा हो जाएगा। लेकिन अब तक सड़क निर्माण पूरा होने की संभावना नहीं दिख रही है।




