बिहार नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान मुरलीगंज नगर पंचायत में बुधवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।दूसरे चरण के चुनाव के बाद मुरलीगंज नपं के कुल 83 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। बताया गया कि मुरलीगंज में कुल 64.84 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या 6829 (64.71%) तथा पुरुष मतदाता की संख्या 7420 (65.71%) रही। बुधवार को सुबह 07 बजे से 5 बजे तक वोटिंग की गई। सुबह की पाली में ठंड ज्यादा होने की वजह से मतदान पर असर देखने को मिला। सुबह से ही डीडीसी नितिन कुमार सिंह, एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ अजय नारायण यादव, बीडीओ अनिल कुमार, सीओ मुकेश कुमार सिंह एवं जिले के अन्य अधिकारी बूथों का निरीक्षण कर रहे थे। सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन काफी चौकस दिखे।
बुजुर्ग व महिलाओं में दिखा उत्साह:
वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होने के बाद मतदाताओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। मुरलीगंज के बुधिया बालिका विद्यालय के मतदान केंद्र पर सुबह 10 बजे के करीब एक लगभग 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी वोट गिराने आई थी। वहीं युवा, महिलाएं और बुजुर्ग वोटरों ने बढचढ कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसे लेकर मतदाताओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा था। बिना किसी शोर शराबे के मुरलीगंज में निकाय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।
सुरक्षा को लेकर की गई थी चाक-चौबंद व्यवस्था
मतदान को लेकर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानाें की तैनात मतदान केन्द्रों पर की गई थी। यही वजह रहा कि कहीं से भी किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं हुई और पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न हुआ। मतदाताओं ने भी निष्पक्ष व निर्भिक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो इसको लेकर प्रशासनिक पदाधिकारी दिनभर बूथों का दौरा करते रहे। ताकि असमाजिक तत्वों द्वारा चुनाव में किसी प्रकार का कोई व्यवधान उत्पन्न न किया जा सके।
पिंक बूथ पर वोटरों को मिली सुविधा
मुरलीगंज के बीएल हाई स्कूल को पिंक बूथ बनाया गया था। पिंक बूथ पर खास व्यवस्था देखी गई। मतदान करने आए वोटरों को कोई परेशानी ना हो इसके लिए कई प्रकार की व्यवस्था की गई थी। बीएल हाई स्कूल के पिंक बूथ पर मेडिकल कैम्प की भी व्यवस्था की गई थी। वहीं पिंक बूथ पर मतदान करने के बाद महिलाओं में गजब का उत्साह देखा गया।






