मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न समस्याओं को लेकर मुरलीगंज प्रखंड प्रमुख अब्दुल जब्बार ने सांसद दिनेश चंद्र यादव से शुक्रवार को मुलाकात किया। इस दौरान प्रमुख अब्दुल जब्बार ने सांसद को पुष्प गुच्छ प्रदान करते हुए क्षेत्र के समस्याओं पर चर्चा की। प्रखंड प्रमुख अब्दुल जब्बार ने कहा कि मुरलीगंज को स्वच्छ और खुशहाल रखने के लिए पुलिस प्रशासन के सहयोग की अपेक्षा है। इसके लिए कमांडो टीम की बढ़ोतरी जरूरी है। वहीं उन्होंने कहा कि दिन प्रतिदिन कुछ ना कुछ ऐसी घटना देखने और सुनने के लिए मिल रही है जिसके लिए मैं सांसद महोदय से आग्रह करना चाहूंगा कि मुरलीगंज को कमांडो टीम में बढ़ोतरी एवं सीमावर्ती क्षेत्र पर कड़ी सुरक्षा के लिए पहल की जाय। उन्होंने मांग किया कि मुरलीगंज को पुलिस बल अधिक मुहैया कराया जाए। वहीं क्षेत्र के विकास पर भी उन्होंने सांसद से चर्चा की। मौके पर समाजसेवी विश्वजीत कुमार ऊर्फ पिंटू मुखिया, पंचायत समिति सदस्य मनोज कुमार सिंह, अशोक कुमार, राजेश कुमार एवं कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।






