मुरलीगंज (मधेपुरा) : थाना क्षेत्र अंतर्गत वृंदावन-गंगापुर मुख्य मार्ग पर पुल के समीप गुरुवार को करीब पांच बजे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक ई रिक्शा चालक से लूटपाट के असफल प्रयास के दौरान गोली चला दी। जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से घायल चालक को मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टर राजेश कुमार ने हायर सेंटर मधेपुरा रेफर कर दिया। चालक की पहचान कोल्हापट्टी डुमरिया पंचायत के वार्ड नौ निवासी राजकुमार यादव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी अनुसार चालक राजकुमार यादव प्रतिदिन अपने घर से आकर मुरलीगंज के कपड़ा व्यवसायी के साथ टोटो पर चादर लोड कर गांव गांव घूम कर बेचा करता था। गुरुवार को वृंदावन से चादर बेच कर आने के दौरान गंगापुर वृंदावन पुल के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया। लूटपाट के क्रम में ही चालक को गोली मार दी। गोली राजकुमार के गर्दन में दाएं साइड लगी है।वहीं थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। छानबीन की जा रही है।






