मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रजनी पंचायत भवन के समीप बिजली के पोल पर चढ़कर गड़बड़ी ठीक कर रहा एक मिस्त्री अचानक सप्लाई शुरू हो जाने से गंभीर रूप से झुलस गया। आनन फानन में उसे मुरलीगंज सीएचसी ले जाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर स्थिति को देख मधेपुरा मेडिकल कोलेज रेफर कर दिया। मधेपुरा मेडिकल अस्पताल के डाक्टर भी घायल की स्थिति गंभीर देख दरभंगा मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं घटना के बाद लोगों ने पावर हाउस में ड्यूटी पर तैनात एसबीओ पर कार्रवाई करने की मांग करने लगे। प्राप्त जानकारी अनुसार लाइन रजनी पंचायत के लाइन मैन सिकंदर कुमार ने सोमवार की सुबह शेखपुरा फीडर के पावर हाउस से शट डाउन लिया। उसके बाद लाइनमैन सिकंदर कुमार ने अपने सहयोगी बिजली मिस्त्री रजनी वार्ड 6 निवासी मुन्ना यादव को पोल पर चढ़कर गड़बड़ी ठीक करने कहा। गड़बड़ी ठीक करने के दौरान ही अचानक पावर हाउस से सप्लाई चालू कर दी गई। पोल पर चढ़े मुन्ना करंट की चपेट में आकर झुलस गए और नीचे गिर पड़े। इसके बाद आसपास के लोग दौड़े और उन्हें मुरलीगंज सीएचसी ले आये। शट डाउन लेने के बावजूद विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति चालू किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। लाइन मैन सिकंदर ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात एसबीओ सुशील कुमार से हम शट डाउन लिए थे। उन्होंने हमें काम करने को कहा फिर अचानक उन्होंने लाइन चालू कर दिया। उसके लापरवाही के चलते पहले भी इस तरह की दुर्घटना हो चुकी है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए दोषी एसबीओ पर कार्रवाई करने। घटना को लेकर रजनी के मुखिया प्रतिनिधि राजीव राजा पीड़ित परिजनो को हर संभव सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया। साथ ही अधिकारीयो मुलाकात कर सरकारी खर्च पर झुलसे मिस्त्री का इलाज कराने तथा आर्थिक सहायता दिलाने की भी मांग किया है।
इस संबंध में बात करने पर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने बताया कि जिस पीएसएस से लाइन आता है वो उदाकिशुनगंज उपकेंद्र में पड़ जाता है। वहां जांच करने के लिए कहा गया है। जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित को एक्सीडेंटल मुआवजा के लिए मुरलीगंज के जेई को बोल दिया गया है। उचित मुआवजा पीड़ित को दिया जाएगा।






