गुरुवार की रात थाना चौक समीप एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान से हुई चोरी के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। रविवार को थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने पत्रकारो को जानकारी देते हुए बताया कि चोरी किये दर्जनों इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बरामदगी के साथ साथ दो युवक गिरफ्तार किया गया। जिसमें मुरलीगंज के वार्ड 15 निवासी चांद कुमार (20) व वार्ड 11 के नीतीश कुमार (18) को गिरफ्तार कर पूछताछ के दौरान सभी समानों की बरामदगी हुई है। पूछताछ के क्रम में उसने पुलिस को चोरी के कई कांडों में अपनी संलिप्तता बताई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी मामले में दोनों को गिरफ्तार किया गया। उसके निशानदेही पर दो सीपीयू, एक प्रिंटर, बैट्री चार, दो कीबोर्ड, एक स्टेबलाइजर, एलसीडी दो, एलईडी एक, सोलर प्लेट एक, माउस तीन, सेटअप बॉक्स एक, रिमोट दो, यूपीएस एक, लैपटॉप एक आदि बरामद किया गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि समाज विरोधी कार्य करने वाले तत्व किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे, पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी।
बता दें कि पिछले दिनों शहर के कई स्थानों पर चोरी की घटनाएं घटित हुई थी। थाने में अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज की गई थी, लेकिन चोर की पहचान नहीं हो पाने से वे नित नई घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इससे आम लोगों के साथ साथ व्यवसायी वर्ग में दहशत का माहौल व्याप्त था।






