मुरलीगंज में नगर प्रशासन ने हटवाया अतिक्रमण

मुरलीगंज शहर में लगातार हो रहे अतिक्रमण से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर प्रशासन ने शनिवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। पुलिस के सहयोग से नगर प्रशासन के द्वारा बाजार में सडक़ किनारे अतिक्रमण हटाया गया। शहर के दुर्गा स्थान चौक, थाना रोड में बाजार की शोभा को बिगाड़ रही आडी-तिरछी लगी त्रिपालों को भी हटाया गया। इस दौरान कार्यवाही को देख बाजार के दुकानदारों में हडक़ंप मच गया।

कार्रवाई को देख आस पास के दुकानदार स्वतः अपने आगे से अतिक्रमण हटाने लगे थे। लेकिन जो दुकानदार नही हटाये उनके आगे जेसीबी से तोड़कर हटाया गया। इस दौरान नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी सुजित कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने को लेकर कई बार माइकिंग कराया गया था। इसके बावजूद दुकानदारो ने अतिक्रमण हटाने के प्रति गंभीरता नही दिखाई। उन्होंने कहा कि बाजार में घरों के आगे अतिक्रमण फैला कर रखने वाले को कई बार हिदायत दी गई थी। फिर भी जो सूचना को अमल में नहीं लाया उनके विरुद्ध कार्रवाई शुरू की गई है। अतिक्रमण हटाने के बाद पुनः अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना भी वसूल की जाएगी। जिस कारण पुलिस प्रशासन के साथ शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। इस दौरान नपं कर्मी, पुलिस बल मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *