मुरलीगंज में सप्‍ताह में 4 दिन रहेंगें टोटल लॉकडाउन, कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण हुआ फैसला

मधेपुरा जिले के मुरलीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में तेजी से लगातार कोरोना के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम को लेकर शुक्रवार को नगर पंचायत के सभागार में पदाधिकारी, प्रतिनिधि, व्यवसायी एवं समाजिक लोगों की एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें COVID-19 की रोकथाम के उपायो की समीक्षा की गयी तथा आगे की रण‍नीत‍ि पर विचार-विमर्श किया गया।

इस बैठक में नगर पंचायत के अध्‍यक्ष श्वेतकमल बौआ ने बताया कि मुरलीगंज में लगभग एक सप्ताह से कोरोना संक्रमितो की संख्या में काफी तीव्र गति से बढ़ोतरी हुई जो सभी के लिए चिंता की विषय है।

इसके रोकथाम के लिए पदाधिकारियों, पार्षद, व्यवसायी और समाजिक लोगों के साथ बैठक की गई है। जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है क‍ि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी दुकानों को सप्ताह में सिर्फ तीन दिन खोलने की छूट रहेगी। बाकी दिन संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा ।

सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सभी तरह की दुकानें खुली रहेगी। साथ ही बताया गया कि दुकानदार 10 से 4 बजे तक दुकान खोलेंगे। हांलाकि इसमें मेडिकल और दूध की दुकानों को छुट दी गयी हैं, ये दुकान सभी दिन खुलेंगी ।

कोराना वायरस के बढ़ते संक्रमण पर मुरलीगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार ने चिंता जाहिर करते हुए लोगों से अपील करते हुए कहा क‍ि सभी को अनिवार्य रूप से मास्‍क लगाना चाहिए तथा सामाजिक दुरी का पालन करने से ही कोरोना का रोकथाम हो सकता हैं।

वहीं कार्यपालक पदाधिकारी शंकर प्रसाद ने बताया कि बैठक में लिए गए निर्णय का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों पर प्रशासन के द्वारा जुर्माना भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लगातार कोरोना संक्रमित की संख्या में हो रहे वृद्धि को रोकने के लिए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है। साथ हीं संक्रमित क्षेत्रों को जिलाधिकारी के आदेश पर सील किया गया है।

थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन के द्वारा कोरोना रोकथाम में भरपूर सहयोग दिया जाएगा। फिर लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आए तो सख्ती भी बरती जाएगी।

मौके पर सीओ शशीभूषण कुमार, पार्षद मनोज यादव, बाबा दिनेश मिश्र, डिम्पल पासवान, चेम्बर उपाध्यक्ष विष्णु सर्राफ, सचिव बिनोद बाफना, संयुक्त सचिव सुरज पंसारी, पार्षद प्रतिनिधि टुनटुन साह, सुजित कुमार शास्त्री, गजेन्द्र पासवान, भानू पाल, राजीव साह, ब्रजेश यादव सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *