मुरलीगंज नगर पंचायत के काशीपुर वार्ड एक स्थित रेसिडेंशियल बीआर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल परिवार ने रविवार को अपना 12वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया। वार्षिकोत्सव को लेकर विद्यालय परिसर को अद्भुत तरीके से सजाया गया था। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्टूडेंट्स ने एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को बहुत ही यादगार बना दिया। छात्र-छात्रा ने एकल नृत्य और सामूहिक नृत्य करके दर्शकों का मन लुभाया। कई छात्र-छात्राओं ने ड्रामा, नाटक प्रस्तुत करके समाज के लोगों को जागरूक किया। लड़कियों पर हो रही हिंसा, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, बाल श्रम जैसे संदेश संगीत और नाटक के माध्यम से छात्र-छात्राओं, छोटे छोटे बच्चों ने प्रस्तुति से लोगों का मनमोह लिया। मंच संचालन कर रहे प्राची प्रिया और दिव्यांशु तथा कोमल और अमृत ने अतिथियों व अभिभावकों का खूब मनोरंजन किया। छोटे छोटे बच्चों की प्रस्तुति की लोगों ने खुब सराहना की। इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन बीएनएमयू के कुलपति डॉ प्रो आर केपी रमन, जिला शिक्षा पदाधिकारी जयशंकर ठाकुर, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष किशोर कुमार, राकेश कुमार सिंह, डॉ रूपेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि स्कूल परिवार को वर्षगांठ की शुभकामनाएं। जश्न ए बचपन कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा देखकर अच्छा लगा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की बात हमारे समाज में हो रही है। लेकिन इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता है कि बेटी पर ध्यान देते देते अब बेटे भटकने लगे हैं। बेटों के अपेक्षा बेटियां की उपस्थिति स्कूल में ज्यादा हो गई है। अभिभावकों को अब अपने बेटे पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उनसे भी पूछा जाना चाहिए कि तुम कहाँ थे, क्या कर रहे थे। वहीं कुलपति आरकेपी रमन ने भी संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद के मार्ग पर चलने को कहा। इसके बाद स्कूल के निदेशक डॉ मानव कुमार सिंह ने अतिथियो को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने स्कूल से पासआउट स्टूडेंट्स तम्मना मुंधरा जिन्होंने सीबीएसई बोर्ड के दसवीं परीक्षा में जिला में टॉप स्थान 98.6 अंक प्राप्त कर स्कूल व जिला का नाम रौशन किया। उनके माता पिता को सम्मानित भी किया गया। स्कूल के निदेशक डॉ मानव कुमार सिंह ने अपने संबोधन में स्कूल की बुनियादी सुविधाओं और छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए पठन पाठन को महत्वपूर्ण बताया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत छात्रो के द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और गणेश वंदना से हुई। इसके साथ हीं विभिन्न तरह की गानो पर छात्रो द्वारा प्रस्तुति दी गई। साथ हीं नन्हे मुन्ने बच्चो के द्वारा केक काटकर क्रिसमस मनायी गई। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम को लोगो ने सराहनीय बताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के शिक्षक और छात्रो का सराहनीय योगदान रहा।







