मुरलीगंज के बी मुरहो उच्च विद्यालय के मैदान में गुरुवार को पुलिस एकादश बनाम पब्लिक एकादश के बीच क्रांति क्रिकेट क्लब द्वारा टी ट्वेंटी नॉक आउट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस एकादश की टीम ने 7 विकेट से मैच जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर लिया। टॉस जीतकर पब्लिक एकादश के कप्तान अभिषेक अश्विनी ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पब्लिक एकादश की टीम 19.1 ओवर में 147 रन बनाकर आल आउट हो गयी। जवाब में उतरी पुलिस एकादश टीम के खिलाड़ियों ने महज 15.2 ओवर में 3 विकेट खोकर ही जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर लिया।
मैन ऑफ द मैच सर्वाधिक 50 रन बनाकर टीम को जीत हासिल कराने वाले कमांडो संतोष कुमार को दिया गया। वहीं मैच में निर्णायक की भूमिका में मुकेश कुमार व त्रिवेणी कुमार रहे जबकि उद्घोषक का कार्य राजन और धीरज राय ने निभाया। पुरुष्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता टीम को केपी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य महेंद्र ख़िरहरी व एसआई धनेश्वर मंडल ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी प्रदान किया। मौके पर डॉ मानव कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार, गौतम यादव, प्रेमशंकर कुमार, बिट्टू कुमार, गुंजन कुमार, अमित यादव, ई अखिलेश कुमार, मिलन आजाद, अजय कुमार, कमांडो अजित कुमार, जितेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, संतोष कुमार सहित दर्जनों खेल प्रेमी मौजूद थे।






