मुरलीगंज शहर के गोलबाजार स्थित व्याहुत भवन परिसर में रविवार को नवनिर्वाचित मुखिया की बैठक की गई। जिसकी अध्यक्षता तमौट परसा के मुखिया दिनेश कुमार दिनकर के द्वारा किया गया। बैठक में प्रखंड स्तरीय मुखिया संघ का गठन कर उसके पदाधिकारियों का चयन किया गया। जिसमें उपस्थित मुखिया के सर्वसम्मति से हरिपुरकला के मुखिया डॉ आलोक कुमार को प्रखंड मुखिया संघ का अध्यक्ष बनाया गया। प्रखंड मुखिया संघ के उपाध्यक्ष पद पर रघुनाथपुर पंचायत के मुखिया अमित कुमार का चयन किया गया। कोषाध्यक्ष के पद पर रामपुर पंचायत के मुखिया आशुतोष कुमार को चुना गया। सचिव पद पर दिघी पंचायत के मुखिया विकास कुमार को चुना गया।
इस दौरान सबों ने आलोक कुमार सहित अन्य पदेन पदाधिकारियों को फूल माला पहनाकर व अबीर गुलाल लगाकर उन्हें बधाई दी। बैठक के अंत में मुखिया संघ के अध्यक्ष डॉ आलोक कुमार ने कहा कि प्रखंड के मुखिया द्वारा जो जिम्मेवारी उनके ऊपर दी गई है वह उसे पूरी ईमानदारी के साथ पूरा करने का प्रयास करेंगे। पूरे प्रखंड में विकास कार्य में जहां कहीं सहयोग की जरूरत होगी वह आगे बढ़ कर खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा संगठन की मजबूती जनप्रतिनिधियों के मान सम्मान उनकी सुरक्षा और उनकी समस्याओं के निदान के लिए हमेशा तत्पर रहूंगा। मौके पर मुखिया जितेंद्र साह, ज्योति रानी, राधा देवी, दिलीप कुमार, गजेंद्र यादव, मदन यादव, अनिता कुमारी, झलिया देवी, प्रियंका कुमारी, रानी सिंह, दयानंद यादव, विवेकानंद प्रसाद यादव आदि उपस्थित रहे।






