मुरलीगंज थाना क्षेत्र के एनएच 107 मधेपुरा-पूर्णिया पथ पर जीतापुर चौक से पश्चिम करीब चार सौ मीटर की दूरी पर शनिवार की शाम स्कॉर्पियो की ठोकर से एक नाबालिग लड़की की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृत लड़की का पहचान भतखोरा पंचायत के वार्ड 7 सोनवर्षा टोला निवासी मो. इलियास की पुत्री नसीमा खातून (11 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि नसीमा सड़क क्रोस कर अपने घर वापस जा रही थी। इसी दौरान मुरलीगंज तरफ से मधेपुरा की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कोर्पियो ने एनएच 107 पर जितापुर के समीप ठोकर मार दी। जिससे उनकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी। लोगों ने बताया कि ठोकर मारने के बाद स्कोर्पियो मधेपुरा की ओर भाग गई। वहीं इस घटना के बाद पीड़ित परिजन व स्थानीय लोग आक्रोशित थे। पीड़ित परिजन व स्थानीय लोगो ने कुछ देर के लिये एनएच 107 मुख्य मार्ग को जामकर दिया। हालांकि थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर लोगों का समझाकर जाम हटवाया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेजा।






