मुरलीगंज थाना क्षेत्र के जोरगामा एसएच 91 किनारे स्थित सरस्वती मंदिर के पास मंगलवार की रात आपसी विवाद में हमलावरों ने चाकू घोंपकर एक 30 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी अनुसार जोरगामा वार्ड 8 निवासी बिरेन्द्र यादव के पुत्र पवन कुमार अपने साथियों के साथ शाम में सरस्वती पूजा का मेला देखने गए थे। इसी क्रम में मूर्ति विसर्जन होने के बाद रात्रि करीब 10 बजे पवन कुमार का किसी से विवाद हो गया। बात इतनी आगे बढ़ गई कि दो गुटों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी क्रम में पवन कुमार को किसी अज्ञात के द्वारा चाकू घोंपकर घायल कर दिया गया। जबकि अन्य दो लोगों की भी घायल होने की सूचना मिल रही है। आनन फानन में उसे मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण रास्ते में ही पवन ने अपना दम तोड़ दिया। हालांकि पुलिस को सूचने मिलने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं मौत की खबर सुनने के बाद उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। उनके पिता बिरेन्द्र यादव से पूछने पर वे कुछ भी बताने से इंकार कर रहे थे। उनका कहना था कौन मारा, क्यों मारा मुझे कुछ भी पता नहीं है। रोती बिलखती पत्नी शोभा देवी ने बताया कि शाम में उसकी बात पवन से हुई थी। उन्होंने 11 बजे तक घर आ जाने की बात कही थी लेकिन वे लौट कर नहीं आये। रात में ही मुझे किसी पुलिस पदाधिकारी द्वारा घटना की सूचना दी गई मेरे घर में कोई अन्य पुरुष नहीं था इसलिए मैं नहीं जा पाई थी।
आपसी रंजिश में दो गुटों के बीच मारपीट के दौरान चाकू घोंपकर हत्या की गई है। परिजनों द्वारा आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
अखिलेश कुमार, थानाध्यक्ष






