खाद नही मिलने से आक्रोशित किसानों ने किया सड़क जाम

पिछले कई दिनों से यूरिया खाद नही मिलने से त्राहिमाम किसानों का गुस्सा रविवार को फिर भड़क गया। खाद की कमी से आक्रोशित किसानों ने तंग होकर रविवार को शहर में नेशनल हाईवे तथा स्टेट हाइवे को तीन जगहों पर जाम कर दिया। बेंगा पूल के समीप एनएच 107, कार्तिक चौक व किसान भवन के सामने स्टेट हाइवे सड़क को घंटो जाम कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित किसानों ने सड़क पर यातायात अवरुद्ध करते हुए कृषि विभाग, प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारे भी लगाए। आक्रोशित किसानों ने दुकानदारों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए घंटो प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं एनएच जाम रहने से एनएच व एसएच के मुख्य मार्गों पर भी गाड़ियों की लंबी कतार लगी हुई थी। इस दौरान वाहन चालकों व राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

किसानों का कहना था कि अभी गेहूं में खाद देने का समय है लेकिन पिछले कई दिनों से उन्हें यूरिया नहीं मिल रहा है। खाद के लिए रात व अहले सुबह से ही किसान दुकानों के सामने लाइन में खड़े हो जाते हैं। किसानों का आरोप था कि खाद की कमी नहीं है। जिला से दुकानों में खाद की आपूर्ति की गई है। बावजूद इसके खाद का वितरण दुकानदारों द्वारा नहीं किया जा रहा है। वहीं दुकानदारों ने बताया कि किसानों में अफरा तफरी का माहौल न बन जाये इस बात को ध्यान में रखते हुए खाद वितरण किया जा रहा है। बता दें कि खेतों में समय पर खाद नहीं देने से फसल खराब होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बाजार के कई दुकानो में बीती रात यूरिया की खेप पहुंची है। किसानो की अनियंत्रित भीड़ को देख दुकान खोलने से डरते दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *