शिक्षा विभाग मंत्री, विजय कुमार चौधरी ने शुक्रवार को मैट्रिक और इंटर के परीक्षा के दो विषयों में फेल होने वाले छात्रों के लिए बड़ी घोषणा की है। मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक की वार्षिक परीक्षा 2021 की परीक्षा संपन्न कराकर परीक्षाफल प्रकाशित किया जा चुका है।
विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए अब कंपार्टमेंटल परीक्षा का आयोजन होना था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण उत्पन्न विषम परिस्थिति के चलते आगामी दो-तीन माह में भी कंपार्टमेंटल परीक्षा कराया जाना संभव प्रतीत नहीं होता है।
उपरोक्त परिस्थिति में छात्र हित के मद्देनजर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक परीक्षा, 2021 में एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी को अपवाद स्वरूप कुछ अतिरिक्त ग्रेस अंक देकर उत्तीर्ण करने की समिति के प्रस्ताव से शिक्षा विभाग ने सहमति प्रदान की है।
इस क्रम में मंत्री, शिक्षा विभाग ने घोषणा किया कि इस निर्णय के तहत अतिरिक्त ग्रेस से उतीर्ण हुए विद्यार्थियों का परीक्षाफल तैयार कर लिया गया है जो बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के वेबसाइट पर दिनांक 19 जून के अपराहन 5:00 बजे से उपलब्ध रहेगा, जिस पर विद्यार्थी अपना रिजल्ट देख सकेंगे। इस अवसर पर संजय कुमार, अपर मुख्य सचिव शिक्षा विभाग एवं आनंद किशोर, अध्यक्ष बिहार विद्यालय परीक्षा समिति भी उपस्थित थे।
वार्षिक परीक्षा 2021 के पूर्व में घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजे में 13,40,267 विद्यार्थी में से 10,48,846 विद्यार्थी यानी 78.26 प्रतिशत उतीर्ण हुए थे। एक या दो विषय में अनुत्तीर्ण छात्रों को अतिरिक्त ग्रेस अंक दिए जाने के इस निर्णय से अब कुल 97,474 विद्यार्थी (कला संकाय में 53,939 विद्यार्थी, वाणिज्य संकाय में 1,814 विद्यार्थी, विज्ञान संकाय में 41,691 विद्यार्थी तथा वोकेशनल में 30 विद्यार्थी) भी उतीर्ण हुए हैं। इस प्रकार, अब कुल उत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या 11,46,320 होती है जो सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों का 85.53% हो जाता है।
इसी प्रकार अतिरिक्त ग्रेस अंक दिए जाने के परिणाम स्वरूप मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2021 में एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण छात्रों में से कुल 1,21,316 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। पूर्व में मैट्रिक वार्षिक परीक्षाफल 2021 में सम्मिलित 16,54,171 विद्यार्थियों में से 12,93,054 यानी कुल 78.17% विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे। इस प्रकार, अब इस परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों की कुल संख्या 14,14,370 हो गई है जो 85.50% होता है।
इस अवसर पर मंत्री, शिक्षा विभाग ने बताया कि छात्रों के हित में लिए गए राज्य सरकार के इस निर्णय से हजारों विद्यार्थी लाभान्वित होंगे तथा कोरोनावायरस से उत्पन्न विकट स्थिति के बावजूद उनका एक वर्ष खराब नहीं होगा।






