मुरलीगंज: तीस वर्षीय महादलित व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

मुरलीगंज (मधेपुरा): थाना क्षेत्र के जीतापुर पंचायत स्थित चामगढ़ नहर पर रविवार की रात्री अपराधियों ने पान दुकानदार को गोली मार दी। गोली मारने के बाद इलाज के दौरान पान दुकानदार की मौत हो गई। बताया गया की अर्जुन ऋषिदेव(30) अन्य दिनों की तरह अपने पान दुकान पर बैठे व्यवसाय कर रहे थे। शाम के समय करीब सात बजे दो बाइक पर सवार चार युवकों ने अर्जुन ऋषिदेव से हल्की नौंक-झोंक हुई। इसी दरमियान एक युवक ने पिस्टल निकालकर अर्जुन ऋषिदेव को गोली मार दी। गोली मारने के बाद चारों अपराधी घटना स्थल से भाग निकले। आनन-फानन में स्थानीय युवकों ने जख्मी युवक को बेहतर इलाज के लिए कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज मधेपुरा में पहुुंचाया, जहां इलाज के दौरान दुकानदार की मौत हो गयी। चामगढ़ नया टोला मुसहरी वार्ड 7 निवासी अर्जुन ऋषिदेव सातेन ऋषिदेव का पुत्र था। लोग हत्या का कारण जमीनी विवाद बता रहे हैं। स्वजनों के अनुसार कुछ दिनों पहले पड़ोस के लोगो से जमीन को लेकर विवाद हुई थी। हो सकता है इसी को लेकर अर्जुन ऋषिदेव की हत्या कराई गई है। हालांकि हत्या के कारण का पता पुलिस अनुसंधान में ही पता चल पाएगा। पुलिस ने दुकानदार की हत्या में गांव के ही कुछ युवकों पर संदेह जताया है। मुरलीगंज के थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए कहा कि अपरधियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने घटना के विभिन्न बिन्दुओं पर छानबीन शुरू कर दी है।

परिजनों ने लगाया आरोप, पुलिस रात के अंधेरे में जबरदस्ती जला दी शव

मृतक के परिजन व महादलित टोला के दर्जनों लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि शव पोस्टमार्टम से आने के बाद रात में करीब चार बजे पुलिस जबरदस्ती गड्ढा खोदकर शव को जला दिया। जबकि मृतक के ज्येष्ठ पुत्र घर पर भी नहीं थे। मृतक अर्जुन ऋषिदेव के छोटे पुत्र अमरेश कुमार ने बताया कि हम जलाने से मना कर रहे थे तो पुलिस शव के पास जबरदस्ती हमको ले के वहां गए। लेकिन आग पुलिस वाले अपने से लगा दिए। वहीं परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस अपराधी से मिले हुए हैं। इसलिए आनन फानन में शव को जला दिया गया।

तीन बच्चों के सर से उठ गया पिता का साया:

मृतक अर्जुन ऋषिदेव दुकानदारी कर ही पत्नी, दो पुत्र व एक पुत्री का पालन पोषण करते थे। घटना के बाद परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। परिजनों ने रोते हुए बताया कि अर्जुन ऋषिदेव की मौत के बाद अब परिवार का पालन पोषण कौन करेंगे। घटना के बाद गांव सहित आसपास के लोगों ने अर्जुन ऋषिदेव के गुणों की बखान कर रहे थे। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटना स्थल पर जुट गयी। गोली मारने की घटना की जानकारी मिलते ही अर्जुन के पिता, पत्नी, पुत्र सहित सभी परिजन दौड़े चले आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *