मुरलीगंज (मधेपुरा) : बीते दिनों चामगढ़ गांव निवासी अर्जुन ऋषिदेव की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बुधवार को जाप सुप्रीमो सह मधेपुरा के पूर्व सांसद पप्पू यादव पीड़ित परिजनों से मिलकर सांत्वना दिया। इस दौरान पप्पू यादव ने कहा कि मुरलीगंज के चामगढ़ गांव में बीते दिनों असामाजिक तत्वों ने अर्जुन ऋषिदेव जी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उनके शव को पुलिस पदाधिकारी द्वारा असंवैधानिक तरीके से जला दिया गया था। हम उनके न्याय के लिए संघर्ष करेंगे और दोषी अधिकारियों के साथ-साथ अपराधियों पर भी कार्रवाई हो, इसके लिए वरीय अधिकारियों से भी बात करेंगे। उन्होंने कहा कि इतने बड़े बड़े घटना होने के बाद थानाध्यक्ष का एक ही थाना में पदस्थापित रहने से दर्शाता की ऊपर से नीचे तक सारा सिस्टम मिला हुआ है। हम इस घटना के संबंध में मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखे हैं। उन्होंने सरकार से मांग किया है कि पीड़ित परिजनों को दस लाख रुपया मुआवजा मिले व स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों पर कार्रवाई हो। वहीं जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने पीड़ित स्वजन को 25 हजार रुपया की आर्थिक मदद भी की। मौके पर जाप नेता गोपीकृष्ण उर्फ विडियो, जाप प्रखंड अध्यक्ष प्रवेश यादव, युवा शक्ति प्रखंड अध्यक्ष प्रशांत कुमार, नपं उपाध्यक्ष श्याम ठाकुर, युवा प्रखंड अध्यक्ष अमित यादव, सचिव टुनटुन यादव, राजेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।






