मुरलीगंज। थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक समीप स्थित एक निजी अस्पताल में शुक्रवार की शाम उत्पाद विभाग और स्वास्थ्य विभाग के द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी की गई। डीएम के निर्देश पर हुई छापेमारी के क्रम में लोटस हॉस्पिटल के नाम से संचालित अस्पताल के अंदर संचालित अवैध दवा दुकान से पांच प्रकार के नशीली दवाओं को जब्त किया गया। जबकि उत्पाद विभाग के द्वारा अस्पताल के पहली मंजिल से एक बियर की बोतल सहित कई खाली शराब की बोतलें बरामद की गई। इस दौरान ड्रग इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर मद्य निरीक्षक और औषधि निरीक्षक की एक संयुक्त टीम गठित की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर अस्पताल में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान अस्पताल में अवैध मेडिकल संचालित की जा रही थी। दवा दुकान का लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। दवा जांच के दौरान पांच प्रकार की नशीली दवा पाई गई है, जिसको हमलोगों ने जब्त कर लिया। साथ दुकान में उपलब्ध करीब 40 हजार रुपए की अन्य दवाओं को जब्त कर लिया गया है। वहीं उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान प्रथम मंजिल से एक बियर का बोतल मिला है। उसको जब्त कर लिया गया है। अस्पताल में कार्यरत एक कर्मी शंभू कुमार को हिरासत में ले कर पूछताछ किया जा रहा है। जबकि एक युवक भागने में सफल रहा। बताया गया कि इन दोनों मामलों में विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है।






