धर्मकांटा कर्मी का फंदे से लटकता मिला शव, पुलिस कर रही जांच

मुरलीगंज (मधेपुरा): मुरलीगंज-बिहारीगंज एसएच 91 पर कार्तिक चौक के पास एक धर्मकांटा में कार्यरत युवक का शव संदिग्ध स्थिति में कमरे से बरामद हुआ। घटना गुरुवार की देर रात करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चाओ का दौर जारी है। जानकारी के अनुसार धर्मकांटा की पहली मंजिल पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान रघुनाथपुर पंचायत के भेलाही वार्ड संख्या 5 निवासी अजय यादव के पुत्र रौशन कुमार (22) के रूप में हुई है। बताया जाता है है कि रौशन करीब एक साल से श्रीबालाजी धर्मकांटा पर काम कर रहा था। उसके साथ उसका ममेरा भाई निपुल कुमार भी वहीं रहकर पढ़ाई के साथ काम करता था। निपुल कुमार ने बताया कि वह नीचे बैठकर पढ़ा पढ़ाई कर रहा था। रात में कांटा बंद करने के बाद जब वह रौशन को बुलाने ऊपर गया तो देखा कि वह फंदे से लटका हुआ है। उसने बताया कि कमरे में मोबाइल कुर्सी पर रखा था जिस पर किसी लड़की का कॉल आ रहा था। इसके बाद उसने परिजनों और अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही धर्मकांटा संचालक सज्जन पोद्दार मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के अनुसार रौशन दो भाइयों में छोटा था और पिछले करीब एक साल से धर्मकांटा पर काम कर रहा था। वह स्नातक द्वितीय वर्ष का छात्र भी था और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पढ़ाई के साथ-साथ काम करता था। बड़ा भाई रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है। परिजनों ने बताया कि घर में किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था और उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *