मुरलीगंज। शहर में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक के निर्देश पर बाजार एवं प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर दुकानों को रात 10 बजे के बाद खुली नहीं रखने की अपील की गई है। इस पहल का उद्देश्य रात में अनावश्यक रूप से घूमने वाले असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण करना है। थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि देर रात तक दुकानें खुली रहने के कारण नशेड़ियों एवं असामाजिक तत्वों का आवागमन बना रहता था। दुकानें समय पर बंद होने से ऐसे लोगों की गतिविधियों में कमी आई है, जिसका सकारात्मक असर भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले असामाजिक तत्व दुकान से सामान लेने के बहाने देर रात तक इलाके में सक्रिय रहते थे, लेकिन धीरे धीरे अब इसमें कमी आ रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ट्रिपल लोडिंग बाइक चलाने वालों और शहर की गलियों में तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही नशा एवं नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर प्रशासन की विशेष नजर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल को सराहते हुए कहा कि इससे शहर में सुरक्षा का माहौल बेहतर होगा और अनावश्यक गतिविधियों में कमी आएगी। लोगों को उम्मीद है कि इस तरह की कार्रवाई से मुरलीगंज में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी।






