प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर विश्वकर्मा भगवान की पूजा-अर्चना को लेकर जोर-शोर से तैयारी की जा रही है। निर्माण एवं सृजन के देवता कहे जाने वाले भगवान विश्वकर्मा की पूजा शनिवार को की जाएगी। मीरगंज चौक पर ऑटो चालक संघ द्वारा विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही कृतन भजन व रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं आम लोग भी अपने-अपने घरों में विश्वकर्मा की पूजा करेंगे। पूजा को लेकर बाजारों में भी विशेष चहल-पहल देखी जा रही है। लोगों ने भगवान विश्वकर्मा की तस्वीरों की खरीदारी शुरू कर दी है। ज्ञात हो कि प्रखंड क्षेत्र के कई स्थानों पर विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा स्थापित की जाती है। मीरगंज में ऑटो चालक संघ के शिबू किरानी, संतोष यादव, मो. कासीम, पप्पू पासवान, विकास, सोनू, राजकुमार, गोपाल आदि दर्जनों ड्राइवर ने बताया कि मीरगंज चौक पर प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धापूर्वक भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना की जाती है। इस बार पूजन व शांतिपूर्ण तरीके से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। जिसकी तैयारी लगभग पूरी की जा चुकी है। हमलोगों को स्थानीय लोगों का भी भरपूर सहयोग मिलता है।






