बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जीविका मधेपुरा द्वारा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत जोरगामा स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में एक दिवसीय रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। बताया गया कि रोजगार मेला में कुल 12 कंपनियों ने हिस्सा लिया। जिनमें कुल 2268 अभ्यार्थियों का नामांकन किया गया। वहीं प्रथम चरण में नियोक्ता के द्वारा कुल 611 युवक, युवतियों को ऑफऱ लेटर दिया गया। वहीं विभिन्न बैंकों के द्वारा 204 समूहों को 3.59 करोड़ का ऋण भी वितरण किया गया। डीडीयूजीकेवाय कार्यक्रम अंतर्गत स्वरोजगार प्रशिक्षण प्रदाता संस्था, आरसेटी मधेपुरा, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, नव भारत फर्टिलाइजर, एसआईएस सिक्योरिटी, एनटीटीएफ, होप केयर आदि ने स्टाल में उपस्थित होकर नियोजन किया। इससे पूर्व दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना अंतर्गत आयोजित रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का शुभारंभ जिला परियोजना प्रबंधक अनोज कुमार पोद्दार, जीविका के वित्त सलाहकार राजेन्द्र साहू, प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार, रोजगार प्रबंधक सुजीत प्रसाद गुप्ता, मानव संसाधन प्रबंधक ब्रजेश कुमार, जीविका मुरलीगंज के प्रखंड परियोजना प्रबंधक विवेक कुमार, वित्त प्रबंधक रजनीश कुमार, प्रशिक्षण प्रबंधक अभिमन्यु कुमार जीविका संकुल स्तरीय संघ के प्रतिनिधि दीदी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। मेला के सफल आयोजन में जीविका मुरलीगंज के सभी कर्मी, दीदी, कैडर एवं रोजगार साधन सेवी आदि मौके पर मौजूद रहे।






