मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय जोरगामा के समीप पुलिस ने रविवार के शाम में संध्या गश्ती के दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक को देशी कट्टा व 24 बोतल कोडीन युक्त सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनो युवक शंकरपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी दिलखुश कुमार व रायभीड़ गांव निवासी आनन्द कुमार को मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सोमवार को थाना पर सदर एसडीपीओ अजय नारायण यादव ने प्रेस वार्ता कर उक्त मामले की जानकारी दी। बताया कि अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए मुरलीगंज थाना पुलिस द्वारा लगातार वाहन जांच की जाती है। इसी क्रम में रविवार की संध्या में मुरलीगंज थाना अंतर्गत जोरगामा मध्य विद्यालय के समीप एसआई पीसी पासवान तथा पुलिस बल कुंदन कुमार, मुकेश कुमार तथा लालबहादुर पासवान के द्वारा वाहन जांच के दौरान दो अपराध कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है गिरफ्तार अपराधकर्मी के पास से एक देशी कट्टा एवं दो ज़िंदा कारतूस, 24 बोतल कोडीन युक्त कफ सीरप, एक मोबाइल तथा एक मोटरसायकिल बरामद किया गया है। जिसमें दोनों अपराधकर्मी मधेपुरा जिला के शंकरपुर थाना के रहने वाले हैं। इनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।






