मुरलीगंज (मधेपुरा): मुरलीगंज में गोली लगने से जख्मी हुए एक व्यक्ति के मामले में पांच महीने के बाद पुलिस को सफलता हाथ लगी है। बीते दो जुलाई को रहिका टोला वार्ड 13 में अपने गिट्टी बालू के दुकान पर बैठे अंकेश कुमार को मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों द्वारा सिर एवं छाती में गोली मारकर जख्मी कर दिया था। उसके बाद से ही फरार अज्ञात अपराधियों की पुलिस को तलाश थी। जिसमें से दो अपराधकर्मियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उक्त बात की जानकारी थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने रविवार को मुरलीगंज थाना में प्रेस वार्ता आयोजित कर दी। उन्होंने बताया कि दो जुलाई को ही एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान जारी कर दिया गया था। अनुसंधान के क्रम में गुप्तचर को तैनात किया गया था। शनिवार को तकनीकी अनुसंधान के मदद से मुरलीगंज थाना क्षेत्र के पाकिलपर वार्ड 4 निवासी गुड्डू कुमार तथा सहरसा जिला के काशनगर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत आरसी वार्ड 9 निवासी नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार दोनों युवकों को कागजी प्रक्रिया पूरा होने के बाद जेल भेज दिया गया है।






