मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत तमौट परसा पंचायत में डीलर के मनमानी का मामला सामने आया है। गुरुवार को दर्जनों लाभुकों ने डीलर के मनमानी रवैये से तंग आकर आक्रोश प्रकट किया। जानकारी के अनुसार तमौट परसा पंचायत के वार्ड 3, 4, 9 के जनवितरण प्रणाली विक्रेता द्वारा सरकार द्वारा घोषित निशुल्क राशन लाभुको को नहीं देने का मामला सामने आया है। लाभार्थियों का आरोप है कि डीलर द्वारा राशन देने के नाम पर फिंगर प्रिंट लिया गया है।जिसमें सिर्फ कार्ड में नामित व्यक्तियों का शुल्क जमा कर अनाज दिया गया। जबकि लॉक डाउन के बाद केंद्र सरकार द्वारा घोषित कार्ड में नामित प्रति लोगों को मुफ्त अनाज देने का प्रावधान है। जो विक्रेता द्वारा नहीं दिया जा रहा है। डीलर मनमानी तरीके से प्रतिमाह कम राशन वितरण करते हैं। विरोध करने पर दुत्कार कर भगा देते हैं। निशुल्क राशन देने में आनाकानी करते रहते हैं। इस दौरान महिलाओ ने कहा कि राशन कम दिया जाता है। इतना ही नहीं दर्जनों ऐसे अंत्योदय लाभुक थे। जिसका कहना था कि दो सालो से राशन नहीं मिला है। डीलर द्वारा कहा जाता है कि तुमलोगों का कार्ड अमान्य हो गया है। लॉकडाउन के समय में भी निशुल्क सरकारी राशन नहीं दिया गया। कोई सुनने वाला नहीं है। जिस कारण डीलर अपना मनमानी रवैया अपनाये हुए हैं। जनप्रतिनिधियों के द्वारा भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उक्त डीलर विपिन कुमार स्वयं जनवितरण दुकान पर नही रहते हैं। दूसरे व्यक्ति के द्वारा घर घर जाकर लाभुको का फिंगर लिया जाता है और राशन भी वितरण किया जाता है। पूर्व मुखिया प्रतिनिधि संतोष यादव ने बताया कि महादलित बस्ती के लाभुकों के साथ डीलर द्वारा सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। फिंगर लेने के बावजूद भी राशन नहीं देने का शिकायत इनलोगों के द्वारा किया जाता है। रुपया लेकर राशन तो दिया जाता है। लेकिन मुफ्त अनाज वितरण करने से डीलर आनाकानी करते रहते हैं।
मुफ्त राशन नहीं दिया जा रहा है तो उक्त जन वितरण दुकान का जांच किया जाएगा।
प्रभाष कुमार मंडल, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, मुरलीगंज






