सराहनीय: BR Oxford Public School के 17 बच्चों को मिली सफलता

रिप्पू वर्मा, (मुरलीगंज): शहर के काशीपुर स्थित बीआर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के छात्रों ने रामानुजन टैलेंट सर्च टेस्ट इन मैथमेटिक्स 2024 में शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय के 17 छात्रों ने अलग अलग स्थान प्राप्त कर प्रखंड सहित पूरे जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन किया। यह पहली बार हुआ है कि किसी एक विद्यालय के एक दर्जन से अधिक बच्चों ने सफलता प्राप्त की। विज्ञान एवं प्रावैधिकी एवं तकनीक शिक्षा विभाग द्वारा पटना में आयोजित समारोह में मंत्री के हाथों ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के चार बच्चों को सम्मानित किया गया। जबकि अन्य 13 को इंजीनियरिंग कॉलेज मधेपुरा में सम्मानित किया गया।
स्कूल के निदेशक डॉ मानव सिंह ने कहा कि श्री निवास रामानुजम देश के महान गणितज्ञ थे। उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता छात्रों में गणितिय प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का सार्थक प्रयास है। इस तरह के आयोजन से छात्रों का आत्मविश्वास बढता है। प्राचार्य ने कहा कि प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों के वर्ग 6 से 12 तक के छात्र छात्राओं ने भाग लिया था। हमारे स्कूल से भी कई बच्चे भाग लिए थे जिसमें से कुल 17 बच्चों ने अलग अलग स्थान प्राप्त किया। जिसमे सफल प्रतिभागी को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। जबकि अन्य को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि गणित न केवल एक विषय है, बल्कि यह जीवन के हर पहलू में वैज्ञानिक सोच और तर्कशीलता को बढ़ावा देता है। इस प्रतियोगिता ने विद्यालय के छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रोत्साहन प्राप्त करने का एक बेहतर मंच मिला है।
डॉ मानव सिंह ने बताया कि प्रिंस कुमार, दीपांशु कुमार को प्रथम स्थान, शालू राज, सुजीत कुमार को द्वितीय स्थान, आर्यन कुमार को तृतीय स्थान, दिक्षण रंजन, आरुषि कुमारी को चतुर्थ स्थान, अंश कुमार सिंह, अमृत साधना, मो जीशान, अक्षय राज को पंचम स्थान, कुमार मलिंगा को छठा स्थान, रिचा राज को सातवां स्थान, कृष्ण कुमार, शालिनी सलोनी को आठवां स्थान, आकांक्षा पटवे को नौवां स्थान तथा हरिओम रस्तोगी को दसवां स्थान प्राप्त हुआ।
वहीं बुधवार को स्कूल में 14वां वार्षिकोत्सव के अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा भी इन बच्चों को गिफ्ट्स देकर सम्मानित किया गया। निदेशक डॉ मानव सिंह व प्राचार्य मौसम सिंह ने इन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *